गोरखपुर, गोरखपुर शहर के अलहदादपुर तिराहे पर बाइक सवार युवकों ने रिक्शा चालक को धमकी देकर 50 किलो प्याज लूट लिए। वारदात के बाद प्याज की बोरी लेकर आरोपित पांडेयहाता की तरफ फरार हो गए। राजघाट पुलिस युवकों की तलाश कर रही है।
मंडी से लेकर आ रहे थे प्याज
रहमतनगर निवासी फिरोज अहमद राईन आलू-प्याज के थोक व्यापारी हैं। महेवा मंडी में उनकी दुकान है। कुशीनगर, तमकुही के जगदीशपुर का रहने वाला यमुना उनकी दुकान पर काम करता है। रविवार की दोपहर एक बजे यमुना दुकान से रिक्शा पर सात बोरी प्याज लेकर गोलघर के एक होटल में आ रहे थे।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
अलहदादपुर तिराहे के पास बाइक सवार दो युवकों ने रिक्शा रोक लिया। यमुना को जान से मारने की धमकी देकर एक बोरी प्याज (50 किलो) लेकर पांडेयहाता की तरफ फरार हो गए। यमुना के शोर मचाने पर जुटे आसपास के लोगों ने सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी। फिरोज अहमद की तहरीर पर राजघाट पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया है। एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से युवकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।